नैनीताल - मॉकड्रिल देखने गया 17 वर्षीय किशोर नदी में बहा, रेस्क्यू के बाद अस्पताल में मृत घोषित, मचा हड़कंप 
 

 

गरमपानी - नैनीताल जिले के बेतालघाट ब्लॉक में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में मॉकड्रिल देखने जा रहा 17 वर्षीय युवक कोसी नदी के तेज बहाव में बह गया। एसडीआरएफ ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को नदी से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, शहीद बलवंत सिंह भुजान-बर्धो मोटर मार्ग स्थित काली पहाड़ी के पास पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और अन्य विभागों द्वारा आपदा प्रबंधन की मॉकड्रिल आयोजित की जा रही थी। इसी मॉकड्रिल को देखने के लिए कोसी नदी पार स्थित सिमलखा गांव निवासी विशाल सिंह (17) पुत्र आनंद सिंह घर से निकला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोसी नदी पार करते समय विशाल का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

करीब 800 मीटर नीचे नदी में खोजबीन के बाद युवक को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे से मॉकड्रिल स्थल पर भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।