भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में दिखेंगे अर्जेंटीना टैंगो के रंग
भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 20 नवंबर से गोवा में होने जा रहा है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के मुताबिक रोड्रिगो गुरेरो द्वारा निर्देशित 2021 की फिल्म सेवन डॉग्स को अंतर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा श्रेणी के तहत प्रतिष्ठित गोल्डन पीकॉक के लिए नामांकित किया गया है। अर्जेंटीना के निर्देशक की यह चौथी फीचर फिल्म है। केवल 80 मिनट की यह फिल्म एक आदमी और उसके पालतू पशुओं के बीच के जुड़ाव को दर्शाती है।
एक निर्देशक के तौर पर एंड्रिया ब्रागा द्वारा निर्देशित फिल्म सेल्फ डिफेंस सर्वश्रेष्ठ प्रथम फीचर के पुरस्कार की दौड़ में शामिल है। फिल्म एक अभियोजक की कहानी का अनुसरण करती है जो अपने अतीत से जुड़ी कई हत्याओं को सुलझाने की कोशिश करने के लिए अपने गृहनगर लौटता है।
महोत्सव में प्रदर्शित की जाने वाली अर्जेंटीना की अन्य फिल्मों में मिस विबोर्ग (2022), द बॉर्डर्स ऑफ टाइम (2021), द सब्स्टीट्यूट (2022), रॉब ऑफ जेम्स (2022) और एमी (2022) शामिल हैं।
इसलिए, यदि आप अर्जेंटीना को अब तक केवल उसके फुटबॉल दिग्गजों के तौर पर जानते हैं, तो इस बार नवंबर 2022 में गोवा में आयोजित हो रहे इफ्फी में अर्जेंटीना की सिनेमाई प्रतिभा का अनुभव करने के लिए भी तैयार हो जाइए।
1952 में स्थापित भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) एशिया के सबसे प्रमुख फिल्म समारोहों में से एक है। भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव फिल्मों, उनके द्वारा पेश की गई कहानियों और उनसे जुड़े व्यक्तित्वों को इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल करते हुए, उत्सव मनाता है।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय के मुताबिक इस महोत्सव के माध्यम से फिल्मों, लोगों के बीच प्यार, समझ और बंधुत्व के सेतु का निर्माण, उन्हें व्यक्तिगत एवं सामूहिक उत्कृष्टता के नए शिखर छूने के लिए प्रेरित करते हुए शानदार फिल्मों की प्रबुद्ध प्रशंसा और उनके माध्यम से उत्साहपूर्वक प्रकट किए गए प्रेम का व्यापक स्तर पर प्रचार और प्रसार करते हैं।
यह उत्सव हर वर्ष भारत सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा मेजबान राज्य गोवा सरकार की एंटरटेनमेंट सोसाइटी के सहयोग से आयोजित किया जाता है।
--आईएएनएस
जीसीबी/एसकेपी