नई दिल्ली - एशियन गेम्स 2026 में देश के लिए पदक लाओ, लाखों का इनाम पाओ, भारतीय फेंसर्स के लिए FAI का बड़ा ऐलान
नई दिल्ली - फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FAI) ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले 20वें एशियन गेम्स 2026 में पदक जीतने वाले भारतीय फेंसिंग खिलाड़ियों के लिए नकद पुरस्कारों की घोषणा की है। यह घोषणा फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव राजीव मेहता ने की। भारतीय खिलाड़ियों द्वारा एशियन गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करने और खेल के प्रति उनके समर्पण एवं मेहनत की सराहना तथा उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह पुरस्कार घोषित किए गए हैं।
एफएआई की ओर से घोषित नकद पुरस्कारों का विवरण इस प्रकार है—
🥇 स्वर्ण पदक — 10 लाख रुपये
🥈 रजत पदक — 7.5 लाख रुपये
🥉 कांस्य पदक — 5 लाख रुपये
यह पहल एशिया के सबसे बड़े खेल मंचों में से एक पर प्रतिस्पर्धा कर रहे भारतीय फेंसिंग खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और उपलब्धियों को सम्मान देने के लिए फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस घोषणा पर फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव राजीव मेहता ने कहा कि भारतीय फेंसिंग खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए कड़ी मेहनत की है। खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिबद्धता को सम्मान देने के लिए यह नकद पुरस्कार एक छोटा सा प्रयास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल खिलाड़ियों को और अधिक प्रेरित करेगी तथा वे आत्मविश्वास, गर्व और दृढ़ संकल्प के साथ प्रतियोगिता में उतरकर देश का गौरव बढ़ाएंगे।
फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने 20वें एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने वाले पूरे भारतीय फेंसिंग दल को अपनी शुभकामनाएं दी हैं। एसोसिएशन ने खिलाड़ियों के प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने को लेकर विश्वास भी जताया है।
फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने कहा कि वह खिलाड़ियों को निरंतर सहयोग देने, फेंसिंग खेल को मजबूत करने और भारतीय फेंसर्स के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन हासिल करने के अधिक अवसर तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।