रुद्रपुर: सांसद अजय भट्ट ने बताया कि इस तरह किसानों की चमकेगी किस्मत

रूद्रपुर। सांसद एवं भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा लाये गये कृषि विधेयक किसानों की भलाई के लिए हैं। किसान हितों से जुड़े विधेयकों के मामले में कांग्रेस का दोहरा चरित्र सामने आ गया है। वह किसानों को बरगलाकर उनके हितों से खिलवाड़ करने की कोशिश कर रही है।
 | 
रुद्रपुर: सांसद अजय भट्ट ने बताया कि इस तरह किसानों की चमकेगी किस्मत

रूद्रपुर। सांसद एवं भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा लाये गये कृषि विधेयक किसानों की भलाई के लिए हैं। किसान हितों से जुड़े विधेयकों के मामले में कांग्रेस का दोहरा चरित्र सामने आ गया है। वह किसानों को बरगलाकर उनके हितों से खिलवाड़ करने की कोशिश कर रही है। भाजपा किसानों के हितों से कोई भी खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।
सांसद श्री भट्ट सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की नीति पर काम कर रही है। इसी के मद्देनजर केन्द्र सरकार ने तीन ऐतिहासिक कृषि विधेयक पारित किये हैं। यह किसानों के हित में अब तक के सबसे बड़े फैसले साबित होंगे। श्री भट्ट ने कहा कि कांग्रेस किसानों को इस मुद्दे पर बरगलाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रही है। मुद्दाविहीन हो चुका विपक्ष इस मुद्दे को बेवजह राजनैतिक रंग देकर ओछी राजनीति कर रहा है। इन विधेयकों को लेकर किसानों को गुमराह किया जा रहा है। श्री भट्ट ने कहा कि नए विधेयकों के आने के बाद मण्डी खत्म नहीं होगी बल्कि किसानों को अब किसी भी मण्डी में अपनी फसल को बेचने का अधिकार होगा। अब किसानों को जहां ज्यादा पैसा मिलेगा वहां किसान अपनी फसल बेच सकते हैं। किसानों को अब राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अपनी फसलें बेचने का अधिकार मिल गया है। कांट्रेक्ट फार्मिंग का विकल्प भी किसानों के लिए अब लाभकारी साबित होगा।
उन्होंने बताया कि ई ट्रेडिंग के माध्यम से अब किसानों को उपज विक्रय के लिये ज्यादा सुविधाजनक तंत्र उपलब्ध होगा। मंडियों के अतिरिक्त व्यापार क्षेत्र में फार्मगेट, कोल्ड स्टोरेज, वेयर हाउस, प्रसंस्करण यूनिट पर भी व्यापार की स्वतंत्रता मिलेगी। किसानों के लिए अब सरकार ने ऐसी व्यवस्था कर दी है कि कृषकों को व्यापारियों, कंपनियों, प्रसंस्करण इकाईयों, निर्यातों के साथ सीधा जुड़ने का अवसर मिलेगा। कृषि करार के माध्यम से बुवाई से पूर्व ही किसान को उसकी उपज के दाम निर्धारित हो सकेंगे। अनुबंध के बाद किसानों को व्यापारियों के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं होगी। खरीददार उपभोक्ता उसके खेत से ही उपज लेकर जायेगा।
सांसद भट्ट ने कहा कि काग्रेस और विपक्षी दलों द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा है कि सरकार फसलों की खरीद से हाथ खींच लेगी जबकि ऐसा नहीं है। सरकार अपनी व्यवस्थायें यथावत जारी रखेगी। इस बार भी धान खरीद के लिए सरकार ने पर्याप्त इंतजाम किये हैं। ऐसी व्यवस्थाओं को आगे भी जारी रखा जायेगा।
श्री भट्ट ने कहा कि किसानों के हितों को लेकर सरकार शुरू से ही गंभीर रही है। किसानों के लिए फसल बीमा योजना चलाई गयी है जिसका लाभ लाखों किसान उठा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए जुटने का आहवान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचायें। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, विधायक राजकुमार ठुकराल, वन विकास निगम के अध्यक्ष सुरेश परिहार, कमलेन्द्र सेमवाल, मेयर रामपाल सिंह,विवेक सक्सेना, उत्तम दत्ता, ललित मिगलानी, नेत्रपाल मौर्य, राकेश सिंह, सुनील यादव, राजीव चौधरी ,विकास शर्मा ,चन्द्रसेन कोली, सुरेश कोली, शालिनी बोरा सहित तमाम भाजपाई मौजूद थे।