लखीमपुर में किशोरी दुराचार की शिकार, आरोपी किशोर भी नाबालिग
लखीमपुर/खीरी। यूपी के लखीमपुर खीरी में ईसानगर थाना क्षेत्र के नदी पार इलाके में गन्ना छीलकर खेत से लौट रही किशोरी के साथ गांव के ही किशोर ने अपने साथी की मौजूदगी में दुराचार किया। रेप का शिकार हुई किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताते हैं कि आरोपी किशोर भी नाबालिग हैं।

थाना क्षेत्र के नदी पार इलाके के एक गांव की करीब 13 साल की लड़की गन्ना छीलकर घर वापस आ रही थी। रास्ते में उसी के गांव के दो किशोर लड़की को एक खेत में खींच ले गए। जहां अपने साथी की मौजूदगी में एक ने उसके साथ रेप किया। घर पहुंची किशोरी ने आपबीती बताई। जिसके बाद पीड़िता की मां ने थाने पर सूचना दी। जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता को मेडिकल चेकअप के लिए भेजा गया है।

थाना प्रभारी हरिओम श्रीवास्तव ने बताया आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जिनमें से एक पर दुराचार का आरोप है। दोनों को हरदोई के बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।