
रुद्रपुर। कल्याणी नदी की सफाई के लिए चलाये जा रहे अभियान में आम जनता को जोड़ने के उद्देश्य से आज मेयर रामपाल सिंह और रोटरी क्लब के पदाधिकारियों की मौजूदगी में कल्याणी नदी के आस पास रह रहे लोगों को प्रेरणादायी फिल्म ‘दशरथ माझी’ दिखाकर कल्याणी के कल्याण के लिए जागरूक किया गया।
जनजागरूकता कार्यक्रम की शुरूआत पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए की गई। मेयर रामपाल सिंह एवं उपस्थित लोगों ने पुलवामा हमले की दूसरी बरसी पर शहीद वीर जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किये। मेयर रामपाल सिंह ने कहा कि वीर जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। देश युगों युगों तक अपने इन शहीदों को याद रखेगा। मेयर ने कहा कि देश ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में बहुत कुछ खोया है, लेकिन हमारे जवानों ने प्राणों की बाजी लगा कर देश की रक्षा की है। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद कल्याणी के आस पास रह रहे लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रेरणादायी फिल्म दशरथ माझी दिखाई गई और लोगों से कल्याणी की स्वच्छता के महाअभियान से जुड़ने का आहवान किया।
मेयर रामपाल सिंह ने कहा कि अब तक कल्याणी नदी से कई टन कचरा निकाला जा चुका है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। मेयर ने कहा कि मन में इच्छा शक्ति और दृढ संकल्प हो तो कोई भी काम मुश्किल नहीं होता। कल्याणी नदी को उसके मूल स्वरूप में लाना कठिन जरूर है, लेकिन यह मुश्किल नहीं। सभी के प्रयासों से यह सपना साकार हो सकता है। मेयर ने कहा कि कल्याणी की सफाई के लिए हर सप्ताह बडी संख्या में लोग श्रमदान कर रहे हैं, इसी तरह लोगों में उत्साह बना रहा तो वह दिन दूर नहीं जब कल्याणी नदी एक बार फिर से शहर के लिए वरदान सिद्ध होगी। इस दौरान रोटरी क्लब के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने कहा कि कल्याणी नदी को उसके मूल स्वरूप में वापस लाने के लिए पंतनगर विश्व विद्यालय के वैज्ञानिकों से भी वार्ता हुई है। इस अभियान को अब रुकने नहीं दिया जायेगा। इस दौरान सभी लोगों ने मिल जुलकर कल्याणी नदी को पुनर्जीवित करने का संकल्प लिया।
इस दौरान जेबी सिंह, फुदेना साहनी, अशोक अग्रवाल, ओपी सिंगला, नारायण सिंगला, जगदीश बिष्ट, सुनील सोनी, अमित अग्रवाल, कमलजीत सिंह, हेमंत, रूकमन अग्रवाल, बीना सिब्बल, वीना सिंगला, सुमन, सीमा अरोरा, रामकृष्ण कन्नौजिया, अनिल कुमार, नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर नीलम कोली, सुनील यादव, हरीश भाकुनी, निर्जला, आंचल, फातिका अली, सासजिम, पलक पटेल, विशाल गुप्ता, सिप्रा, पलक मंडल, फूलमती देवी, गुड्डी देवी के अलावा रोटरी क्लब, छठ पूजा समिति, इनरव्हील क्लब, सारथी ग्रुप, समेत कई सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग और बच्चे मौजूद थे।