रुद्रपुर: भाजपा की किसान रैली का जबरदस्त विरोध, देखिए आप, कांग्रेस व किसानों ने विधायक के काफिले पर कैसे किया हमला

रुद्रपुर। भाजपा द्वारा की जा रही किसान रैली के विरोध में आम आदमी पार्टी ने किसानों के साथ रणजीत सिंह पार्क में एकत्र होकर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन को कांग्रेस नेताओं ने समर्थन दिया। आप कार्यकर्ता भाजपा की रैली का विरोध करने के लिए मोदी मैदान जाने पर अड़े हैं, लेकिन वहां पुलिस तैनात है। इस बीच विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में निकाली जा रही ट्रैक्टर रैली का किसानों ने जमकर विरोध किया और संतरे फेंक कर मारे, जिससे बवाल हो गया। खुद एसएसपी ने आकर मोर्चा संभाला।

गौरतलब है कि कृषि अध्यादेशों के समर्थन में भाजपा ने मोदी मैदान में रैली आयोजित की है, जिसमें केंद्रीय मंत्री रमेश चंद्र पोखरियाल निशंक को आना है। आप के प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर के नेतृत्व में किसानों ने भाजपा की रैली का विरोध करने के लिए रणजीत सिंह पार्क में एकत्र होकर प्रदर्शन किया। श्री कलेर का कहना है कि भाजपा किसानों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि देश भर के किसान इस कड़ाके की ठंड में आंदोलित हैं, मगर सरकार किसानों की सुनवाई नहीं कर रही है।

इस बीच कांग्रेस नेता तिलक राज बेहड़, हिमांशु गावा, सुशील गावा, संदीप चीमा, नंदलाल, सीपी शर्मा आदि ने किसानों के प्रदर्शन का समर्थन किया। इसी दौरान विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में गल्ला मंडी से किसानों की ट्रैक्टर रैली रणजीत सिंह पार्क के सामने से गुजरी तो आप कार्यकर्ताओं, कांग्रेसियों व किसानों ने काले झंडे दिखा कर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान भाजपाईयों पर संतरे भी फेंके गए, जिस पर दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई। एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर ने खुद मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। उन्होंने ट्रैक्टरों को दूसरे रास्ते से निकलवाया।