न्यूज टुडे नेटवर्क। यूपी के गोरखपुर में एक शादी के दौरान अजीबोगरीब मामला सामने आया। परछावन के दौरान दूल्हा बेहोश होकर गिर गया। इसके बाद दुल्हन ने उससे शादी करने से मना कर दिया। लड़की वालों ने लड़के वालों पर दूल्हे की बीमारी की बात छिपाने का आरोप लगाते हुए बारात वापस ले जाने और दहेज की रकम वापस करने को कहा । इसके बाद विवाद इतना बढ़ा बाराती और घराती विवाह समारोह को बंद कर थाने पहुंच गए।
थाने में पुलिस और गांव के बड़े बुजुर्ग दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन लड़की पक्ष शादी करने को से मना कर दिया। बराती दहेज की रकम लौटाने को तैयार नहीं हुए। फिलहाल मामले में कोई समझौता नहीं हो पाया है। शादी जरूर स्थगित हो गई।
यह पूरा मामला गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र के हेमछापर गांव का है। जहां एक विवाह समारोह के दौरान परछावन में दूल्हा बेहोश होकर गिर गया। यह बात लड़की को पता चली तो उसने शादी करने से इनकार कर दिया। इस पर परिवार के लोगों ने लड़के वालों को बारात वापस ले जाने और दहेज की रकम लौटाने की मांग की। इसके बाद समझौते का दौर चला लेकिन बात नहीं बनी। तब लड़की वालों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे को थाने ले आई। थाने पर पुलिस और गांव वालों ने भी दोनों पक्षों से बात कर मामले का निपटाने की कोशिश की लेकिन दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात पर अड़े रहे। लड़की के घर वालों ने थाने पर तहरीर देकर दहेज की रकम वापस लौटाने की मांग की है। फिलहाल मामले का कोई हल नहीं निकल सका है।