
न्यूज टुडे नेटवर्क। किसान आंदोलन के साथ साथ पूरे देश में अब किसान महापंचायतों का दौर शुरू हो गया है। यूपी में कई जिलों में महापंचायत होना है। कई जिलों में महापंचायत में किसान संगठनों ने पूरा जोर लगा दिया था। अब महाराष्ट्र के यवतमाल में आयोजित होने वाली महापंचायत को किसान नेता राकेश टिकैत संबोधित करेंगे। यह किसान महापंचायत 20 फरवरी को आयोजित होगी।
केन्द्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली से लगी सीमाओं पर 40 किसान संगठनों के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने यह जानकारी दी। एसकेएम के महाराष्ट्र के समन्वयक संदीप गिड्डे ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि टिकैत, युदवीर सिंह और एसकेएम के कई अन्य नेता 20 फरवरी को यवतमाल शहर के आजाद मैदान में आयोजित होने वाली ‘किसान महापंचायत’ को संबोधित करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘टिकैत महाराष्ट्र में किसान महापंचायत की शुरुआत यवतमाल से करना चाहते हैं, जहां कई किसानों ने आत्महत्या की है।’’ ‘किसान महापंचायत’ में विदर्भ और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों से भी किसानों के आने की संभावना है। महापंचायत के आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी गई है। यवतमाल के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आयोजकों ने कार्यक्रम के लिए इजाजत मांगी है।