बरेली में बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, स्वतंत्र देव सिंह- कार्यकर्ता किसानों को बताएं कृषि कानूनों के लाभ

न्यूज टुडे नेटवर्क। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सोमवार को बरेली पहुंचे। उन्होंने शहर पहुंचकर आइएमए हॉल में शाहजहांपुर, बदायूं मंडल प्रभारियों के साथ बैठक की। कृषि बिल को लेकर उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि कृषि कानून किसानों के हक में है। इसको लेकर कांग्रेस और सपा राजनीति कर रही है। किसानों को गुमराह कर किया जा रहा है ।

विपक्षी पार्टियां झूठ बोल रही हैं। उन्होंने कहा कि कृषि कानून को लेकर किसानों को गुमराह होने से बचाने के लिए भाजपा अब गांव गांव जाएगी। वहां पर किसान पंचायत आयोजित करेगी और बताएगी कि किसानों के हक में कृषि कानून किस तरह से है। कृषि कानून से किसानों का जीवन स्तर बदलेगा और उन्हें अपनी उपज बेंचने के लिए खुला बाजार उपलब्ध होगा।

उन्होंने कहा कि नए साल पर मोर्चा का गठन कर कार्यकर्ताओं को तोहफा दिया जाएगा। 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा पूरी तरह से तैयार है। कार्यकर्ताओं के बल पर विधानसभा 2022 का चुनाव भाजपा पूरी मजबूती से लड़ेगी। अब प्रदेश अध्यक्ष बरेली आंवला और महानगर इकाई के साथ बैठक करने की तैयारी कर रहे हैं। इस दौरान भाजपा सह संगठन मंत्री कर्मवीर , जिला अध्यक्ष पवन शर्मा, महानगर इकाई के अध्यक्ष डॉक्टर के एम अरोड़ा, पूर्व जिला अध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौर समेत ज्यादातर भाजपा नेता मौजूद थे।