
न्यूज टुडे नेटवर्क। शहर में जाम की समस्या की प्रमुख वजह बन चुके अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम अब नींद से जागा है। यही वजह है कि बीते कुछ दिनों से नगर निगम अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चला रहा है। हालांकि लगातार निगरानी न होने से कुछ दिन बाद फिर अतिक्रमण हो जाता है। सोमवार को नगर निगम ने सिकलापुर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। जिसका इलेक्ट्रिकल और फर्नीचर व्यापारियों ने विरोध किया।
इस दौरान नगर निगम कर्मचारियों और व्यापारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। हालांकि व्यापारियों का विरोध दरकिनार करके बाद में अतिक्रमण हटाया गया। सोमवार को नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी ललतेश सक्सेना और अतिक्रमण टीम प्रभारी जयपाल सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया गया है। इस दौरान नगर निगम के पीछे टैक्सी स्टैंड से अभियान की शुरुआत हुई। इसके बाद रोडवेज स्टैंड और सिकलापुर के अंदर स्थित फर्नीचर मार्केट तक अतिक्रमण हटवाया गया। टीम को देखकर व्यापारी जल्दी जल्दी सामान हटाने लगे।
कुछ का सामान नगर निगम ने जब्त कर लिया तो व्यापारी विरोध करने लगे। इस पर कर्मचारियों और व्यापारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। हालांकि पुलिस बल होने की वजह से व्यापारी शांत हो गए। इसके बाद नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाया। नगर निगम अभियान चलाता है लेकिन प्रापरवे में मॉनीटरिंग न होने से दुकानदार फिर से सडकों को कब्जा लेते हैं और उन पर सामान सजा देते हैं। इसकी वजह से लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है।