
न्यूज टुडे नेटवर्क। प्रदेश भर में आज समाजवादी पार्टी के लिए अघोषित कर्फ़्यू जैसा माहौल है। प्रदेश भर में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों को नजरबंद कर दिया गया है। गौरतलब है किसानों के समर्थन में सपा ने आज से पदयात्राएं निकालने का ऐलान किया था। जिसके बाद रविवार रात ही प्रदेश पुलिस के मुखिया ने सपा पदाधिकारियों को नजर बंद करने का आदेश जारी किया था। सपा के कई नेताओं को नजरबंद कर दिया गया है वहीं विरोध करने पर कई सपा नेताओं को गिरफ़्तार भी कर लिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से सपाईयों में आक्रोश देखा जा रहा है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव को नजरबंद कर दिया गया है। अखिलेश ने आज से प्रदेशभर में पदयात्रा निकालने का ऐलान किया था। अखिलेश यादव आज कन्नौज में रहेंगे।इससेपूर्व अखिलेश के घर और सपा कार्यालय को छावनी के रूप में तब्दील कर दिया गया है। सपा कार्यालय को पूरी तरह से बैरीकेडिंग से घेर दिया गया है। पूरे इलाके को सील करके आवाजाही पर रोक लगा दी है।
सोमवार सुबह एमएलसी राजपाल कश्यप और आशु मलिक कुछ कार्यकर्ताओं के साथ अखिलेश यादव से मुलाकात करने के लिए उनके घर के पास पहुंचे थे। यहां पुलिस ने दोनों नेताओं को रोका तो झड़प हो गई। जिसके बाद पुलिस ने दोनों नेताओं को गिरफ़्तार कर लिया है। राजपाल कश्यप ने कहा कि यह अघोषित कर्फ़्र्यू जैसा हाल है। वहीं, वकीलों के एक समूह ने भी अखिलेश यादव से मुलाकात करने की कोशिश की। इस दौरान बेरिकेडिंग तोड़कर वकीलों ने आगे बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोक लिया तो तीखी नोकझोंक हुई है।
अखिलेश यादव को पदयात्रा का प्रारंभ करने के लिए कन्नौज जाना था लेकिन लखनऊ कमिश्नर ने रविवार रात को ही सपा मुख्यालय को फोर्स से घेर दिया। विक्रमादित्य मार्ग पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव के आवास के बाहर भी भारी पुलिस फोर्स लगा दी गई है। माना जा रहा है कि अखिलेश यादव पूरे मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं।
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने अनुसार सोमवार से उनकी पार्टी यूपी के हर जिले में ‘किसानों की आय बढ़ाओ’ और ‘खेती-किसानी बचाओ’ के नारों के साथ किसान यात्रा निकालेगी। उन्होंने कहा कि इस किसान यात्रा में हमारी पार्टी के कार्यकर्ता, पदाधिकारी पैदल यात्रा करने के साथ साइिकल, मोटरसाइकल और अन्य साधनों से रैली निकालते नजर आएंगे।