नानकमत्ता: छह माह से फरार नशे के कारोबारी को पुलिस ने इस तरह दबोचा
नानकमत्ता। गुप्त सूचना पर पुलिस ने नशे के कारोबार में नामजद फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो अभियुक्त अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस आरोपी पिता को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट ने लगभग 6 माह पूर्व स्मैक तथा ग्यारह हज़ार सात सौ बयासी नशीले कैप्सूल के साथ ग्राम टुकड़ी निवासी केहर सिंह पुत्र मंगल सिंह को गिरफ्तार किया था। वहीं पुलिस ने नशे के इसी कारोबार में लिप्त केहर सिंह के तीनों पुत्रों गुरदेव सिंह, भगवान सिंह, कुलदीप सिंह को भी मुकदमे में नामजद किया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना दी गई कि मुकदमे में नामजद फरार चल रहा गुरदेव सिंह गांव से कहीं भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने पुलिस टीम के साथ फरार आरोपी गुरुदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसके दो भाई अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। भट्ट ने बताया कि फरार दोनों अभियुक्तों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी का चालन कर दिया है।
