राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति, पीएम मोदी और योगी ने दी यूपी स्थापना दिवस की बधाई

लखनऊ,, 24 जनवरी (आईएएनएस)। देश का सबसे बड़ा सूबा कहलाने वाला और सर्वाधिक सांसद देने वाले उत्तर प्रदेश का आज स्थापना दिवस है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेन्द्र मोदी, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने जनता को शुभकामनाएं दीं।
 | 
लखनऊ,, 24 जनवरी (आईएएनएस)। देश का सबसे बड़ा सूबा कहलाने वाला और सर्वाधिक सांसद देने वाले उत्तर प्रदेश का आज स्थापना दिवस है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेन्द्र मोदी, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने जनता को शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस पर राज्य के निवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। सर्वाधिक जनसंख्या वाला यह राज्य संस्कृति, साहित्य, कला, राजनीति और सामाजिक परिवर्तन के आदर्श प्रस्तुत करता रहा है। मैं उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली और परिश्रमी निवासियों के स्वर्णिम भविष्य की मंगल कामना करती हूं।

उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों को उनके राज्य स्थापना दिवस की बधाई। इसके गौरवशाली इतिहास, समृद्ध आध्यात्मिक विरासत और स्थापत्य चमत्कारों ने राज्य को भारत के जीवंत मानचित्र पर गौरव का एक अनूठा स्थान दिया है।

पीएम नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस पर यहां के लोगों को ढेरों शुभकामनाएं। बीते कुछ वर्षो में राज्य के विकास ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। यूपी के लोगों ने कई क्षेत्रों में मिसाल कायम की है। मैं देश की प्रगति में अहम योगदान दे रहे इस प्रदेश की निरंतर समृद्धि की कामना करता हूं।

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि सांस्कृतिक विरासत और अध्यात्म की धरा उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं। मोदी जी की कल्याणकारी योजनाओं व विकास की नीतियों को नीचे तक ले जाकर उत्तर प्रदेश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की निरंतर प्रगति व प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना करता हूँ।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर प्रदेश के सभी भाइयों एवं बहनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। उप्र के लोग अपनी कला-संस्कृति और कर्मठता के लिए देश-विदेश में जाने जानते हैं। मैं प्रदेश के उत्तरोत्तर विकास की कामना करता हूँ।

उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है। इस मौके पर योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा कि देश की आस्था का प्रतीक प्रचुर संसाधनों और युवा ऊर्जा से भरपूर उत्तर प्रदेश नई यात्रा पर निकल चुका है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश व्यापार की सुगमता में आज देश में दूसरे स्थान पर है। वहीं केंद्र सरकार की लगभग 50 योजनाओं में वह अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था अब देश में दूसरे स्थान पर है।

प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि आप सभी प्रदेशवासियों को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम जी एवं भगवान श्रीकृष्ण जी की पवित्र पावन भूमि उत्तर प्रदेश के राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

भाजपा के संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि भारत की गौरवमयी विरासत, इतिहास और अनूठी संस्कृतियों के संगम की भूमि उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर सभी प्रदेश वासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ।

--आईएएनएस

विकेटी/एसकेके